Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:पुलिस रेड में निहंग की मौत पर बवाल; रिश्वत लेते पकड़ा ASI टॉपर निकला; मंत्री के करीबी पर ED रेड

    4 hours ago

    1

    0

    नमस्कार, पंजाब में आज की सबसे बड़ी ED की रेड से जुड़ी रही। मंत्री संजीव अरोड़ा के करीबी CA के ठिकानों पर टीम ने छापेमारी की। जिस पर केजरीवाल ने कहा- 'ED पार्टी' हिंदू व्यापारियों को तंग कर रही। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें… इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. मंत्री अरोड़ा के करीबी CA पर ED रेड, केजरीवाल बोले- 'ED पार्टी' हिंदू व्यापारियों को तंग कर रही ED ने मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़े लोगों पर छापेमारी की। जालंधर में नगर निगम के ठेकेदार व चार्टेड अकाउंटेंट अमित बजाज के ठिकानों पर टीम पहुंची। अरोड़ा के स्थानीय निकाय मंत्री रहने के दौरान अमित बजाज की फर्म के उनसे संबंध रहे हैं। उनकी फर्म नगर निगम में ठेके लेती रही है। ED के सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई संजीव अरोड़ा की फर्म हैम्पटन स्काई रियलिटी से जुड़े एक मामले में की गई। इस मामले में दिल्ली-नोएडा (एनसीआर), लुधियाना और जालंधर समेत कई स्थानों पर छापेमारी की। हैम्पटन स्काई रियलिटी पर निवेशकों के पैसे के कथित दुरुपयोग के आरोप लगे थे। इसी जांच के तहत ईडी ने जालंधर में अमित बजाज के ठिकानों पर भी रेड की। अमित बजाज और उनके बड़े भाई इंद्रजीत बजाज की कंपनियों के पंजाब, गुजरात और अन्य राज्यों में नगर निगमों तथा सरकारी विभागों के सड़क और स्ट्रीट लाइट प्रोजेक्ट्स के ठेके हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 2. सरबजीत समाना मोहाली के नए मेयर बने, MLA सिद्धू के बेटे मोहाली नगर निगम को नया मेयर मिल गया। विधायक कुलवंत सिंह के बेटे सरबजीत सिंह समाना को मेयर चुना गया। वहीं आरपी शर्मा को सीनियर डिप्टी मेयर और हरपाल चन्नी को डिप्टी मेयर चुना गया। सरबजीत सिंह को पार्टी प्रधान अमन अरोड़ा, विधायक कुलवंत सिंह और डॉ. सन्नी आहलूवालिया ने मुंह मीठा करवाकर कुर्सी पर बैठाया। समाना के मेयर बनने से AAP नेता सन्नी आहलूवालिया को झटका लगा है। शुरुआत से ही उन्हें मेयर पद का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा था। संगठन में उनकी अच्छी पकड़ है। पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के करीबी माने जाते हैं। चुनाव से ठीक पहले राजनीतिक समीकरण बदल गए। विधायक कुलवंत सिंह सभी पार्षदों को लेकर सोलन के परवाणू में चले गए थे। नगर निगम चुनाव में जीतकर आए अधिकांश पार्षद कुलवंत सिंह के पुराने साथी माने जाते हैं। ऐसे में मेयर पद की दौड़ में उनका पलड़ा भारी हो गया और उनके बेटे सरबजीत सिंह समाना को मेयर चुन लिया गया। मेयर चुनाव में किसी तरह का बिखराव न हो और पार्टी एकजुट दिखाई दे, इसके लिए पंजाब AAP प्रधान अमन अरोड़ा खुद निगम ऑफिस पहुंचे थे। (पढ़ें पूरी खबर) 3. एक्स गर्लफ्रेंड के हत्यारे को आया होश, खुद चलकर पहुंचा कोर्ट मोहाली में कंपनी के अंदर घुसकर एक्स गर्लफ्रेंड की हत्या करने वाले आरोपी को 5 दिन बाद होश आया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और कोर्ट ले जाया गया। हालांकि इस दौरान उसने किसी का सहारा नहीं लिया। आरोपी खुद चलकर कोर्ट पहुंचा। इस दौरान चेहरे पर मास्क और चश्मा लगाया हुआ था। आरोपी हरजिंदर सिंह मान उर्फ हैरी को कोर्ट ने ज्यूडिशियल रिमांड पर भेज दिया है। हरजिंदर युवती के ब्रेकअप करने से नाराज था। उसने 4 जून को ऑफिस में चाकू से 30 वार करके युवती की हत्या कर दी थी। फिर सुसाइड के प्रयास में खुद के गले पर चाकू से हमला कर लिया था। इसके बाद उसे फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उसका इलाज चल रहा था। (पढ़ें पूरी खबर) 4. फिर बढ़ी गर्मी, कल सभी जिलों में हीटवेव का अलर्ट पंजाब-चंडीगढ़ में भीषण गर्मी का असर देखने को मिला। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक रहा। राज्य का सबसे अधिक तापमान 44.5 डिग्री आनंदपुर साहिब में रिकॉर्ड किया गया। गर्मी बढ़ने के साथ बिजली की मांग भी बढ़कर 14,203 मेगावाट तक पहुंच गई। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के चंडीगढ़ केंद्र ने फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा, बठिंडा, बरनाला और संगरूर में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया। वहीं, पठानकोट में 44 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई। मौसम विभाग के अनुसार, 10 जून को गर्मी का प्रकोप और बढ़ सकता है। राज्य के सभी 23 जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, 11 जून से मौसम में बदलाव के संकेत हैं और कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक तथा ओलावृष्टि की संभावना है। (पढ़ें पूरी खबर) 5. कल भी कैब नहीं मिलेगी, एप बेस्ड कैब ड्राइवर हड़ताल पर चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला के लोगों को कल भी कैब नहीं मिलेगी। एप बेस्ड कैब ड्राइवरों (ओला, उबर और इनड्राइव) ने किराया दरों में बढ़ोतरी की मांग को लेकर आज (9 जून को) हड़ताल की। जो 16 जून तक चलेगी। जिससे यह दिक्कत 16 जून तक रह सकती है। ऐसे में 50 हजार यात्रियों पर इसका असर पड़ेगा। लोगों को गर्मी में सरकारी बसों या ऑटो का सहारा लेना पड़ेगा। कैब ड्राइवरों ने कहा कि चंडीगढ़ प्रशासन ने 2025 में उनके लिए 25 रुपए प्रति किलोमीटर की दर तय की थी। इसके बाद पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दाम कई बार बढ़ चुके हैं, लेकिन किराए में कोई संशोधन नहीं किया गया। उनका कहना है कि सीएनजी के रेट करीब 9 रुपए तक बढ़ चुके हैं, जबकि डीजल और पेट्रोल के दामों में भी लगातार बढ़ोतरी हुई है। कैब ड्राइवरों की मांग है कि किराया बढ़ाकर 35 रुपए प्रति किलोमीटर किया जाए। कैब न चलने की सूरत में चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (CTU) की बसें मददगार साबित हो सकती हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 6. रिश्वत लेते पकड़ा ASI अपने बैच का टॉपर, थाने में दबोचा चंडीगढ़ के पुलिस स्टेशन-39 में रिश्वत लेते पकड़ा ASI हितेश कुमार अपने बैच का टॉपर निकला। साल 2023-24 में चंडीगढ़ में एएसआई भर्ती के लिए एक हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से परीक्षा के बाद केवल 5 उम्मीदवारों का चयन हुआ था और हितेश टॉपर रहा। CBI ने उसे शनिवार यानी 6 जून को 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगने के बाद 40 हजार रुपए कैश लेते हुए थाने से गिरफ्तार किया था। उसकी भर्ती लगभग ढाई साल पहले हुई थी और वह प्रोबेशन पर चल रहा था। रिश्वत मामले में अब यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने जॉइनिंग के बाद पुलिस स्टेशन-39 में कितने केसों को हैंडल किया था। चंडीगढ़ के डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा भी सख्त चेतावनी दे चुके हैं कि अगर कोई पुलिसकर्मी रिश्वत लेते पकड़ा जाता है, तो उसे बर्खास्त कर दिया जाएगा। साथ ही संबंधित सुपरविजन अधिकारी की भी जवाबदेही तय की जाएगी। (पढ़ें पूरी खबर) 7. पुलिस की रेड के दौरान निहंग की मौत पर बवाल अमृतसर के मजीठा क्षेत्र के गांव बाबोवाल में पुलिस कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति की मौत के बाद तनाव का माहौल बन गया है। मृतक की पहचान निहंग निरमल सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। मृतक की बेटी का आरोप है कि पुलिस ने पहले उसके भाई को हिरासत में लिया और बाद में उसके पिता के साथ मारपीट की। उनका कहना है कि चौकी इंचार्ज ने पिता के सीने पर लात मारी, जिससे उनकी मौत हो गई। परिवार ने मांग की है कि संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। इसी मांग को लेकर टाली साहिब अड्डे के पास शव रखकर धरना दिया जा रहा है। डीएसपी मजीठा कमलमीत सिंह रंधावा ने मारपीट के आरोपों को खारिज किया है। उनके अनुसार, निरमल सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज थे और पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने के लिए रेड करने गई थी। डीएसपी का कहना है कि रेड के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।। (पढ़ें पूरी खबर) 8. केवल ढिल्लों बोले- कैप्टन को साथ लेकर लड़ेंगे विधानसभा चुनाव भाजपा 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में कैप्टन पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह को चुनाव प्रचार में उतार सकती है। हाल ही में दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री से मुलाकात के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा था कि वह अब पूरी तरह फिट हैं और पार्टी जहां भी जिम्मेदारी देगी, वहां काम करेंगे। भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने भी संकेत दिए हैं कि विधानसभा चुनाव में कैप्टन अमरिंदर सिंह की भूमिका अहम रहेगी। उन्होंने कहा कि कैप्टन पार्टी के वरिष्ठ और अनुभवी नेता हैं तथा चुनाव के दौरान उनका मार्गदर्शन भाजपा को मिलेगा। उनके इस बयान को कैप्टन की चुनावी सक्रियता से जोड़कर देखा जा रहा है। लुधियाना दौरे के दौरान केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में भाजपा का आधार मजबूत है, जबकि गांवों के लिए पार्टी ने अलग रणनीति तैयार की है और उस पर काम शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों की तरक्की के बिना पंजाब का विकास संभव नहीं है, इसलिए किसान भाजपा के एजेंडे में प्रमुख स्थान रखते हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 9. MLA मनप्रीत अयाली अमृतपाल की पार्टी में शामिल, बोले- एकजुटता जरूरी लुधियाना के दाखा से विधायक मनप्रीत सिंह अयाली खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल अकाली दल वारिस पंजाब दे में शामिल हो गए। वह गुरुद्वारा साहिब थड़ा साहिब पाठशाही छठी में अरदास करने के बाद चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए। इसके बाद चंडीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मनप्रीत सिंह अयाली ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य पंजाब और पंथक विचारधारा से जुड़े सभी दलों और संगठनों को एक मंच पर लाना है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में पंथक ताकतों की एकजुटता बहुत जरूरी है, ताकि पंजाब और पंजाबियत से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जा सके। अयाली ने कहा कि वह लंबे समय से पंथक एकता के पक्षधर रहे हैं और आगे भी इसी दिशा में काम करते रहेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि विभिन्न पंथक संगठन और दल अपने मतभेद भुलाकर एक साझा मंच पर आएंगे, जिससे पंजाब के हितों की प्रभावी ढंग से पैरवी की जा सके। (पढ़ें पूरी खबर) खबर हटके…. 10. छोले-भटूरे खाने आए किसान ने जीते ₹1.50 करोड़, पैसे खुले कराने खरीदा था टिकट रूपनगर जिले के किसान की किस्मत एक लॉटरी टिकट ने रातों-रात बदल दी। उन्हें एक दुकान पर छोले-भटूरे खाते समय खुले पैसों की जरूरत हुई। खुले पैसे लेने के लिए लॉटरी स्टॉल से 200 रुपए में टिकट खरीद ली। बाद में इसी टिकट पर पंजाब सरकार की मासिक लॉटरी का डेढ़ करोड़ रुपए का पहला बंपर इनाम निकल आया। इनाम की खबर मिलने के बाद परिवार और पूरे गांव में खुशी का माहौल है। किसान कुलविंदर सिंह नूरपुर बेदी के गांव साहूपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने कहा कि वह धार्मिक स्थल पर माथा टेककर आए थे। इस दौरान वह खाना लेने के लिए एक रेहड़ी पर गए। उन्होंने यहां छोले-भटूरे खाए, जिसका बिल 300 रुपए बना। उनके पास 500 रुपए का नोट था और खुले पैसे नहीं थे। इसी वजह से वह पास स्थित लॉटरी स्टॉल पर पहुंचे और 200 रुपए की लॉटरी टिकट खरीदकर पैसे खुलवा लिए। (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
    Click here to Read more
    Prev Article
    एमपी- कांग्रेस राज्यसभा उम्मीदवार का नामांकन खारिज:बीजेपी की आपत्ति पर फैसला, तेलंगाना में दर्ज केस छुपाने का आरोप था
    Next Article
    पश्चिम बंगाल: ममता बनर्जी के आवास और पार्टी कार्यालय पर पहुंची सीआईडी, ये है मामला

    Related भारत Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment