रोहतक-10 दुकानों में आग, एक डेडबॉडी मिली:3 लापता, NDRF तलाश रही; दुकानदार रोते-बिलखते बोला- बेटा गायब है, तसल्ली करवा दो
6 hours ago
रोहतक में मंगलवार दोपहर डी-पार्क मार्केट में लगी दुकानों में आग में एक मौत की पुष्टि हो गई है। NDRF की टीम ने एक डेडबॉडी निकलवाकर PGI भिजवाई है। अभी भी 3 लोग लापता हैं। चारों की उम्र 25 से 35 साल के बीच हैं। अभी इस बारे में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई। आग लगने का कारण AC का कंप्रेसर फटना माना जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग लगने की सूचना के बाद पहले फायर ब्रिगेड की एक ही गाड़ी पहुंची। एसपी व अन्य अधिकारी तो पहुंच गए, लेकिन बाकी गाड़ियों ने पहुंचने में देरी की। इस वजह से आग फैलती गई। बाद में 6 जिलों से 20 गाड़ियां पहुंची, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना के बाद दुकानदार व उनके परिजन सड़कों पर बिलखते दिखे। एक दुकानदार मौके पर पहुंचे सांसद दीपेंद्र हुड्डा के गले मिलकर बेतहाशा रोया। दुकानदार ने कहा कि उनका बेटा अंदर था, एक बार तसल्ली तो करवा दें। सांसद के मुताबिक उन्हें बताया गया है कि 24 वर्षीय शोरूम मालिक आग से बचने के लिए बाहर की ओर भागा, लेकिन बाहर नहीं आ सका। फायर ब्रिगेड के देरी से पहुंचने की जांच होनी चाहिए। देर शाम तक फायर ब्रिगेड की टीमें आग पर काबू पाने में लगी रहीं। यह घटना पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की कोठी से करीब 50 मीटर दूरी पर हुई। आसपास के एरिया को खाली कराया गया है। दुकानों में आग की तस्वीरें… आग को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया…. दोपहर डेढ़ बजे AC का कंप्रेसर फटा मौके पर मौजूद लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि आग सबसे पहले मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे रोहतक शूज नाम के शोरूम में लगी थी। यहां AC का कंप्रेसर फटा था। उस समय दुकान के अंदर कुछ कस्टमर भी मौजूद थे। कंप्रेसर फटने की तेज आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और लोग मौके पर पहुंच गए। आग लगते ही दुकान में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। दोपहर 2 बजे फायर ब्रिगेड की गाड़ी आई प्रत्यक्षदर्शियों ने आगे बताया- आग तेजी से फैलती गई और कुछ ही देर में पास की अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलने के बाद दोपहर करीब 2 बजे फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। आग के बाद पास के कपड़ा दुकानदार भी अलर्ट हो गए। उन्होंने तुरंत अपना-अपना सामान इकट्ठा कर दूसरी जगह शिफ्ट करना शुरू कर दिया। दीपेंद्र बोले- फायर ब्रिगेड के देरी से आने की जांच हो सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा- 10 दुकानें आग की चपेट में आई हैं। दुकानदारों ने उन्हें बताया कि SP साहब समेत पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे, लेकिन फायर ब्रिगेड देरी से आई। शुरू में एक ही गाड़ी आई। अगर कई गाड़ियां आती तो नुकसान कम होता। इसकी जांच कराई जानी चाहिए। DC साहब ने आश्वासन दिया है कि इसकी जांच कराई जाएगी। हुड्डा ने आगे कहा- हम दुकानदारों के साथ हैं। इन्हें मुआवजा दिलाया जाएगा। 4 लोगों का अभी पता नहीं चला है। एक 24 साल का युवक बाहर निकल रहा था। तभी एक होर्डिंग गिर गया और वह अंदर चला गया। अभी तक उसका पता नहीं चल पाया है। जाट आरक्षण आंदोलन में आगजनी से यही दुकानें बचीं थी साल 2016 में जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान रोहतक के इसी बाजार में लूटपाट व आगजनी हुई थी। तब मेन रोड पर बनी ज्यादातर दुकानों में उपद्रवियों ने लूट के बाद आग लगा दी गई थी। उस दौरान गली में बनी ये 15-16 दुकानें ही नुकसान से बच सकी थी। दुकानदार बोले- इतनी बड़ी आग कभी नहीं लगी मौके पर मौजूद दुकानदारों ने बताया कि याद नहीं कि रोहतक में पहले कभी आग लगने की इतनी बड़ी घटना हुई हो। 10 दुकानदारों के पास अब कुछ नहीं बचा है। एक तरह से पूरी मार्केट खाक हो गई है। आसपास जो दुकानें बची भी हैं, उनको भी नुकसान पहुंचा है। आग से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
Click here to Read more

.png)

