Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    वर्ल्ड अपडेट्स:जापान के बाद नेपाल ने भी भारतीय आमों पर रोक लगाई, जांच में ज्यादा कीटनाशक मिलने का दावा

    7 hours ago

    1

    0

    जापान के बाद अब नेपाल ने भारत से आम मंगाने पर रोक लगा दी है। नेपाल के अधिकारियों का कहना है कि जांच में कुछ खेपों में तय सीमा से ज्यादा कीटनाशक मिले। नेपाल सरकार के मुताबिक, यह फैसला खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन कराने के लिए लिया गया है। सरकार ने साफ किया कि इसका मकसद भारत के साथ व्यापारिक रिश्तों को प्रभावित करना नहीं है। रोक लगने से पहले करीब 15.8 मीट्रिक टन भारतीय आम नेपाल पहुंच चुके थे। इनकी कीमत लगभग 10 लाख नेपाली रुपये बताई गई है। यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब पिछले महीने जापान ने भी भारतीय आमों के आयात पर रोक लगाई थी। हालांकि जापान ने यह कदम कीटनाशकों की वजह से नहीं, बल्कि जांच और सफाई से जुड़े नियमों में कमी मिलने पर उठाया था। जापान के फैसले से अल्फांसो, केसर, लंगड़ा और बंगनपल्ली जैसी भारतीय आम की मशहूर किस्मों का निर्यात प्रभावित हुआ था। करीब 20 साल में पहली बार जापान ने भारतीय आमों पर ऐसी रोक लगाई थी। नेपाल में फल कारोबारियों ने भी इस फैसले पर चिंता जताई है। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें… UN में भारत ने पाकिस्तान को घेरा: कहा- अफगानिस्तान पर एयरस्ट्राइक में सौकड़ों नागरिक मारे भारत ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान की अफगानिस्तान में की गई एयरस्ट्राइक की कड़ी आलोचना की है। भारत ने इन्हें अंतरराष्ट्रीय कानून और अफगानिस्तान की संप्रभुता का खुला उल्लंघन बताया। UN में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश ने कहा कि पाकिस्तान की सैन्य कार्रवाई से अफगान नागरिकों को भारी नुकसान हुआ है। भारत ने UNAMA रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि इस साल के पहले 3 महीनों में 372 नागरिक मारे गए और 397 घायल हुए। इनमें ज्यादातर घटनाएं रमजान के दौरान हुईं। नागरिकों पर हमले क्षेत्र की शांति और स्थिरता के लिए खतरा हैं। उन्होंने इन घटनाओं की जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग का भी समर्थन किया। साथ ही हरिश ने कहा कि किस्तान नफरत की फैक्ट्री चला रहा है और धार्मिक शब्दों का इस्तेमाल कर भारत के खिलाफ दुश्मनी फैलाता है। सुरक्षा परिषद में भारत ने कहा कि वह हर तरह के आतंकवाद के खिलाफ है और दुनिया को लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और दूसरे आतंकी संगठनों पर एकजुट कार्रवाई करनी चाहिए। NBA फाइनल्स में पहुंचे ट्रम्प, न्यूयॉर्क में हूटिंग का सामना: मैच देखने वाले पहले मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति बने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प सोमवार रात न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में NBA फाइनल्स का मुकाबला देखने पहुंचे। इसके साथ ही वे NBA फाइनल्स में शामिल होने वाले पहले मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति बन गए। हालांकि एरीना में बड़ी स्क्रीन पर उनके दिखाई देते ही दर्शकों के एक हिस्से ने हूटिंग शुरू कर दी। ट्रम्प न्यूयॉर्क निक्स और सैन एंटोनियो स्पर्स के बीच खेले गए फाइनल्स के तीसरे मुकाबले को देखने पहुंचे थे। राष्ट्रगान के दौरान जब उनकी तस्वीर एरीना की स्क्रीन पर दिखाई गई, तब दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली। राष्ट्रपति की मौजूदगी के चलते मैडिसन स्क्वायर गार्डन और उसके आसपास अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। हजारों पुलिसकर्मियों और सैकड़ों सीक्रेट सर्विस अधिकारियों को तैनात किया गया। कई सड़कों को बंद कर दिया गया, जिससे प्रशंसकों को लंबी कतारों और कड़ी सुरक्षा जांच का सामना करना पड़ा। सुरक्षा प्रतिबंधों का असर आसपास के कारोबार पर भी पड़ा। आमतौर पर मैच के दौरान भीड़ से भरे रहने वाले कई बार और रेस्तरां अपेक्षाकृत खाली नजर आए। कई प्रशंसकों ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था ने मैच के माहौल को प्रभावित किया। ट्रम्प के साथ उनकी पोती काई ट्रम्प, निक्स के मालिक जेम्स डोलन और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। वहीं एरीना में टिमोथी शैलामे, टीना फे, बेन स्टिलर, स्पाइक ली, डेरेक जेटर और एली मैनिंग जैसी हस्तियां भी मैच देखने पहुंचीं। न्यूयॉर्क में ट्रम्प की मौजूदगी ने जहां खेल आयोजन को राजनीतिक रंग दिया, वहीं यह भी दिखाया कि अमेरिका में खेल और राजनीति का मेल किस तरह व्यापक सार्वजनिक प्रतिक्रिया पैदा कर सकता है। क्यूबा के पास 6.1 तीव्रता का भूकंप; फ्लोरिडा और मेक्सिको तक झटके महसूस हुए क्यूबा के उत्तर-पश्चिमी तट के पास सोमवार को 6.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंपका केंद्र पश्चिमी क्यूबा के मंटुआ शहर से करीब 104 किलोमीटर दूर समुद्र में था। इसकी गहराई लगभग 26 किलोमीटर दर्ज की गई। भूकंप के झटकों से क्यूबा के कई इलाकों में इमारतें हिल गईं और लोग घरों व दफ्तरों से बाहर निकल आए। राजधानी हवाना समेत कई शहरों में कंपन महसूस किया गया। झटकों का असर अमेरिका के फ्लोरिडा तक पहुंचा। मियामी, फोर्ट लॉडरडेल और ऑरलैंडो के आसपास के इलाकों में भी लोगों ने कंपन महसूस होने की जानकारी दी। एहतियात के तौर पर कुछ सरकारी कार्यालय खाली कराए गए। मेक्सिको के युकातान प्रायद्वीप, कैंकून, प्लाया डेल कारमेन और टुलुम में भी झटके महसूस किए गए। हालांकि क्यूबा, अमेरिका और मेक्सिको में कहीं से भी बड़े नुकसान या जनहानि की खबर नहीं है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस इलाके में इतने शक्तिशाली भूकंप बेहद दुर्लभ हैं। 1880 के बाद पहली बार इतनी तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया है। भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि अधिकारियों ने लोगों को आफ्टरशॉक की संभावना को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। जर्मनी-फ्रांस ने 100 अरब यूरो की संयुक्त फाइटर जेट परियोजना छोड़ी जर्मनी और फ्रांस ने नई पीढ़ी के लड़ाकू विमान के संयुक्त विकास की महत्वाकांक्षी फ्यूचर कॉम्बैट एयर सिस्टम (FCAS) परियोजना के मुख्य हिस्से को समाप्त करने पर सहमति बनाई है। एयरबस और दसॉ एविएशन के बीच लंबे समय से जारी तकनीकी और व्यावसायिक विवादों का समाधान नहीं निकलने के बाद दोनों देशों ने यह फैसला लिया। जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज और फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पिछले सप्ताह मोंटेनेग्रो में आयोजित ईयू-वेस्टर्न बाल्कन्स समिट के दौरान परियोजना पर चर्चा की। जर्मन अधिकारियों के अनुसार, दोनों नेताओं ने माना कि परियोजना में शामिल कंपनियों के बीच जारी गतिरोध समाप्त होने की संभावना नहीं है। इसके बाद मर्ज ने मैक्रों को संयुक्त फाइटर जेट निर्माण योजना आगे नहीं बढ़ाने की सलाह दी। फ्रांसीसी राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि एयरबस और दसॉ एविएशन के बीच समझौता नहीं हो पाने पर दोनों नेताओं ने खेद जताया। विवाद का केंद्र विकास चरण पर नियंत्रण, बौद्धिक संपदा अधिकार और विमान की तकनीकी आवश्यकताओं को लेकर था। करीब 100 अरब यूरो की इस परियोजना की शुरुआत 2017 में मैक्रों और तत्कालीन जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल ने की थी। बाद में स्पेन भी इसमें शामिल हुआ। परियोजना के तहत एक छठी पीढ़ी का लड़ाकू विमान, ड्रोन नेटवर्क और सुरक्षित "कॉम्बैट क्लाउड" प्रणाली विकसित की जानी थी। सूत्रों के मुताबिक, मुख्य फाइटर जेट कार्यक्रम भले बंद हो जाए, लेकिन "कॉम्बैट क्लाउड" जैसे कुछ तकनीकी सिस्टम FCAS नाम के तहत आगे बढ़ाए जा सकते हैं। FCAS को यूरोप की सबसे महत्वाकांक्षी रक्षा परियोजनाओं में गिना जा रहा था। नाटो ने आर्कटिक में ड्रोन टास्क फोर्स लॉन्च की: रूस को रोकने के नाम पर नई सैन्य पहल नाटो ने आर्कटिक क्षेत्र में मानव रहित सैन्य प्रणालियों के परीक्षण के लिए नई प्रयोगात्मक इकाई टास्क फोर्स X-आर्कटिक (TFX-Arctic) शुरू की है। यह पहल ऐसे समय सामने आई है जब आर्कटिक में नाटो की सैन्य गतिविधियां बढ़ रही हैं और रूस लगातार क्षेत्र के सैन्यीकरण पर चिंता जता रहा है। सप्ताहांत में इटली के ला स्पेजिया बंदरगाह से रिसर्च वेसल Alliance के रवाना होने के साथ मिशन की शुरुआत हुई। नाटो के अनुसार, यह टास्क फोर्स आर्कटिक, नॉर्थ अटलांटिक और हाई नॉर्थ क्षेत्रों में ड्रोन और अन्य मानव रहित प्रणालियों का परीक्षण करेगी। इसका उद्देश्य कठिन परिस्थितियों में लगातार निगरानी और बहु-क्षेत्रीय सैन्य सूचनाएं जुटाने की क्षमता को परखना है। नाटो ने बताया कि यह कार्यक्रम 2026 और उसके बाद तक जारी रहेगा। यह बाल्टिक सागर में पिछले वर्ष शुरू किए गए समान प्रयोगात्मक कार्यक्रम के अनुभवों पर आधारित है। एडमिरल पियरे वांडियर ने कहा कि यह पहल दुनिया के सबसे कठिन परिचालन क्षेत्रों में नई तकनीकों के परीक्षण और भविष्य के सैन्य मानकों को तय करने में मदद करेगी। इसी दौरान नाटो का बालटॉप्स 2026 सैन्य अभ्यास भी बाल्टिक क्षेत्र में जारी है। इसमें 15 सदस्य देशों के करीब 6,000 सैनिक भाग ले रहे हैं। नाटो ने रूस से संभावित खतरों को रोकने को इस अभ्यास का प्रमुख उद्देश्य बताया है। रूस ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा है कि आर्कटिक क्षेत्र में सैन्यीकरण नाटो की गतिविधियों का परिणाम है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पहले ही चेतावनी दे चुके हैं कि नाटो आर्कटिक को संभावित संघर्षों के लिए सैन्य आधार के रूप में देख रहा है और मॉस्को अपनी सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएगा। रूस की विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जाखारोवा ने हाल ही में कहा कि आर्कटिक में "रूसी खतरे" की बात को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है ताकि नाटो सदस्य देशों में सैन्य खर्च बढ़ाने को उचित ठहराया जा सके। आर्कटिक क्षेत्र ऊर्जा संसाधनों, नए समुद्री मार्गों और रणनीतिक महत्व के कारण वैश्विक शक्तियों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा का केंद्र बनता जा रहा है। किम-शी की प्योंगयांग में शिखर वार्ता: उत्तर कोरिया ने दोहराया ‘वन चाइना’ समर्थन उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने प्योंगयांग में हुई शिखर वार्ता में राजनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक सहयोग को नई गति देने पर सहमति जताई। दोनों नेताओं ने उच्चस्तरीय संपर्क बढ़ाने और रणनीतिक संवाद मजबूत करने का भी संकल्प लिया। सात साल बाद उत्तर कोरिया पहुंचे शी जिनपिंग ने कहा कि उनका उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों में नई प्रगति लाना है। उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी KCNA के मुताबिक, दोनों देशों ने उच्चस्तरीय अधिकारियों की यात्राओं के जरिए रणनीतिक संवाद बढ़ाने पर सहमति बनाई। बैठक के दौरान किम जोंग उन ने "वन चाइना प्रिंसिपल" के प्रति अपना समर्थन दोहराया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां चाहे जैसी हों, उत्तर कोरिया इस नीति का समर्थन करता रहेगा। चीन ताइवान को अपना हिस्सा मानता है, जबकि ताइवान इन दावों को स्वीकार नहीं करता। विश्लेषकों का कहना है कि दोनों देशों की आधिकारिक रिपोर्टों में प्राथमिकताओं का अंतर साफ दिखा। चीनी सरकारी एजेंसी शिन्हुआ ने व्यापार, कृषि, परिवहन संपर्क और व्यावहारिक सहयोग पर जोर दिया, जबकि KCNA ने दोनों देशों के "विशेष संबंध" और बराबरी की साझेदारी को प्रमुखता दी। दक्षिण कोरियाई विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तर कोरिया ने अपनी छवि किसी आश्रित सहयोगी की बजाय समान साझेदार के रूप में प्रस्तुत करने की कोशिश की। रिपोर्टों में अमेरिका-विरोधी और ताइवान से जुड़े संदेशों को भी प्रमुखता दी गई। यात्रा के दौरान शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन ने किम जोंग उन और उनकी पत्नी री सोल-जू के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। किम ने शी और उनके प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में राजकीय भोज भी आयोजित किया। इस दौरान शी ने कहा कि चीन-उत्तर कोरिया संबंध अब "नए ऐतिहासिक शुरुआती बिंदु" पर पहुंच चुके हैं और बीजिंग साझा हितों की रक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखेगा। ताइवान का चीन को संदेश: तटीय युद्धाभ्यास में संभावित चीनी लैंडिंग को नष्ट करने का अभ्यास ताइवान की सेना ने मंगलवार को पश्चिमी तट पर बड़े पैमाने पर युद्धाभ्यास करते हुए संभावित चीनी आक्रमण को रोकने का अभ्यास किया। इस दौरान रॉकेट सिस्टम, तोपखाने और एंटी-टैंक हथियारों की मदद से समुद्र के रास्ते आने वाली दुश्मन सेना को नष्ट करने का परिदृश्य तैयार किया गया। अभ्यास ताइचुंग क्षेत्र के आसपास लगभग 20 किलोमीटर लंबे तटीय इलाके में आठ अलग-अलग स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया। ताइवान स्ट्रेट के सामने स्थित यह क्षेत्र किसी संभावित चीनी उभयचर सैन्य अभियान के लिए सबसे संभावित लैंडिंग जोन माना जाता है। ताइवान की सेना ने कहा कि इस बार अभ्यास को वास्तविक युद्ध जैसी परिस्थितियों में आयोजित किया गया। सैनिकों और हथियार प्रणालियों को पहले की तरह लंबे समय तक तैयारी का मौका नहीं दिया गया। उन्हें केवल एक दिन पहले मोर्चों पर तैनात किया गया, ताकि वास्तविक युद्ध स्थितियों का अनुभव कराया जा सके। यह अभ्यास ऐसे समय हुआ है जब ताइवान और चीन के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। बीजिंग ताइवान को अपना हिस्सा मानता है और बल प्रयोग का विकल्प खुला रखता है, जबकि ताइवान की सरकार इन दावों को अस्वीकार करती है। भारतीय मूल की नित्या रमन लॉस एंजिलिस मेयर चुनाव की दौड़ में भारतीय मूल की अमेरिकी नेता और लॉस एंजिलिस सिटी काउंसिल सदस्य नित्या रमन ने मेयर चुनाव में महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए जनरल इलेक्शन के लिए जगह बना ली है। उन्होंने पूर्व रियलिटी टीवी स्टार स्पेंसर प्रैट को पीछे छोड़कर दूसरे स्थान पर कब्जा किया और अब नवंबर में मौजूदा मेयर करेन बास को चुनौती देंगी। नित्या रमन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मतदाताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि हजारों स्वयंसेवकों और समर्थकों के सहयोग से संभव हुई है। अब नवंबर में उनका मुकाबला मौजूदा मेयर करेन बास से होगा। हालांकि, चुनाव आधिकारिक रूप से गैर-दलीय है, लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मुकाबला लॉस एंजिलिस की प्रगतिशील राजनीति की दिशा तय कर सकता है। नित्या रमन राजनीति में आने से पहले बेघर लोगों के मुद्दे पर सक्रिय रूप से काम करती रही हैं। उन्होंने 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक से पहले शहर में सड़कों और अस्थायी शिविरों में रहने वाले बेघर लोगों की संख्या आधी करने का लक्ष्य रखा है। हार्वर्ड यूनिवर्सिटी और मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) से शिक्षित रमन पेशे से शहरी योजनाकार हैं। 2020 में वह लॉस एंजिलिस सिटी काउंसिल में चुनी जाने वाली पहली एशियाई-अमेरिकी महिला और पहली दक्षिण एशियाई मूल की सदस्य बनी थीं। मार्च 2024 में उन्होंने दूसरा कार्यकाल भी बड़े अंतर से जीता। सिटी काउंसिल में रहते हुए उन्होंने बेघर लोगों के लिए सेवाओं के विस्तार, किफायती आवास निर्माण और जलवायु लक्ष्यों को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया है।
    Click here to Read more
    Prev Article
    ફિલિપાઇન્સમાં છેલ્લા 50 વર્ષનો સૌથી શક્તિશાળી ભૂકંપ, 37ના મોત, 20 હજાર બેઘર: જુઓ ભયાવહ દૃશ્યો
    Next Article
    Roti Rules: રોટલીની આ ભૂલો છે ઘરમાં દરિદ્રતાને આમંત્રણ, જાણી લો પરોસવાના સાચા નિયમ

    Related दुनिया Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment