देहरादून में AN-32 क्रैश के शहीद प्रशांत पंचतत्व में विलीन:तिरंगा लेकर श्मशान घाट पहुंचीं मां; पति की तस्वीर थामे चिता के पास खड़ी रहीं पत्नी
9 hours ago
असम के जोरहाट एयरबेस पर AN-32 विमान हादसे में शहीद हुए स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह पंचतत्व में विलीन हो गए। देहरादून के किशन बहादुर थापा मार्ग स्थित श्मशान घाट में सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। पिता उमेश सिंह ने इकलौते बेटे की चिता को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान भावुक दृश्य देखने को मिले। प्रशांत की पत्नी उनके फोटो फ्रेम को हाथ में लेकर काफी देर तक चिता के पास खड़ी रहीं। वहीं मां बृजेश देवी हाथ में तिरंगा लेकर श्मशान घाट पहुंचीं। बेटे को अंतिम विदाई देते समय परिजनों और मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। प्रशांत सिंह महज 32 साल के थे। करीब डेढ़ साल पहले 23 नवंबर 2024 को उनकी शादी हुई थी। शनिवार सुबह जोरहाट एयरबेस पर लैंडिंग के दौरान हुए AN-32 विमान हादसे में प्रशांत समेत पांच वायुसेना के जवान शहीद हो गए थे। तस्वीरें देखिए- लैंडिंग के दौरान हुआ हादसा, दो हिस्सों में टूटा विमान भारतीय वायुसेना के अनुसार AN-32 विमान शनिवार सुबह नियमित उड़ान पर था। विमान में 6 जवान सवार थे। हादसा सुबह करीब 10 बजे जोरहाट एयरफोर्स स्टेशन परिसर के भीतर हुआ। दरअसल, टचडाउन के दौरान विमान रनवे पर फिसल गया और इसके बाद वह रनवे के टैक्सीवे की ओर बढ़ा और दो हिस्सों में टूट गया। दुर्घटना के बाद विमान में आग लग गई। मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीमों ने को-पायलट को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था, लेकिन 5 अन्य जवानों की जान नहीं बचाई जा सकी। घायल को-पायलट का इलाज जोरहाट के सैन्य अस्पताल में चल रहा है। हादसे में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह (देहरादून), फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार (बिहार), सार्जेंट जितेंद्र शर्मा (अलीगढ़), अग्निवीर वायु खेमाराम कुमावत (राजस्थान) और अग्निवीर वायु दानिश आलम (बिहार) शहीद हो गए। एक को-पायलट घायल है, जिसका इलाज जारी है। प्रशांत की अंतिम विदाई से जुड़े पल-पल के अपडेट के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…
Click here to Read more

