भास्कर अपडेट्स:गोवा में केरल के 28 टूरिस्ट बीमार पड़े, रेस्टोरेंट में खाना खाने के बाद फूड पॉइजनिंग की शिकायत
13 hours ago
गोवा घूमने आए केरल के 28 टूरिस्ट मंगलवार रात को बीमार हो गए। बताया जा रहा है कि एक रेस्टोरेंट में भोजन करने के बाद सभी को फ़ूड पॉइज़निंग हो गई। ये सभी गोवा में छुट्टियां मनाने आए एक ग्रुप का हिस्सा थे। साउथ गोवा जिला अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. राजेंद्र बोरकर ने पत्रकारों को बताया कि स्थानीय अस्पताल में सभी का इलाज किया गया। उन्होंने बताया कि 28 पर्यटकों में से तीन को अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी गई बाकी की अस्पताल से छुट्टी हो गई। आज की अन्य बड़ी खबरें… महाराष्ट्र के बीड में श्रद्धालुओं से भरी नाव पलटी, एक महिला की मौत, 15 लोग थे सवार महाराष्ट्र के बीड जिले में बुधवार को गोदावरी नदी में श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक नाव पलट गई। घटना में एक महिला की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 10:30 बजे गोलेगांव क्षेत्र में हुआ। नाव पुरुषोत्तमपुरी स्थित भगवान पुरुषोत्तम मंदिर की ओर जा रही थी। यह मंदिर माजलगांव तहसील से करीब 20 KM दूर स्थित है। पुलिस ने बताया कि नाव में 10 से 15 श्रद्धालु सवार थे। इनमें से अधिकांश विदर्भ के वाशिम जिले के रहने वाले थे। मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की जांच जारी है। बंगाल के साउथ 24 परगना में जिला परिषद भवन में आग लगी, मौके पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पश्चिम बंगाल के साउथ 24 परगना जिले में बुधवार को जिला परिषद भवन में आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम जारी है। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया कि आग सुबह 9.50 बजे लगी। आग शुरू में तीसरी मंजिल पर लगी थी, लेकिन बाद में यह कई अन्य मंजिलों तक फैल गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दिल्ली में ₹67.92 करोड़ का साइबर फ्रॉड, बैंक का डिप्टी मैनेजर गिरफ्तार दिल्ली पुलिस ने सहकारी बैंक के डिप्टी मैनेजर को बुधवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पवित्र कुमार बिस्वाल को तौर पर हुई है। उस पर एक म्यूल अकाउंट से ₹67.92 करोड़ का लेन-देन का आरोप है। यह मामला देश भर में दर्ज साइबर धोखाधड़ी की 159 शिकायतों से जुड़ा था। पुलिस ने बताया कि राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज शिकायतों की जांच के दौरान न्यू कोंडली शाखा में मौजूद एक बैंक खाता बार-बार साइबर फ्रॉड मामलों में सामने आ रहा था। इसके बाद जांच शुरू की गई और मामला दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि खाते के जरिए करीब ₹67.92 करोड़ की राशि जमा और ट्रांसफर की गई। मामले में अन्य लोगों की भूमिका और पूरे साइबर फ्रॉड नेटवर्क की जांच जारी है। जम्मू-कश्मीर में गुलमर्ग गोंडोला रोपवे अभी भी बंद, सुरक्षा जांच जारी, 25 मई को 65 ट्रॅाली हवा में फंसी थी जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में गोंडोला रोपवे अगले आदेश तक बंद रहेगा। जम्मू-कश्मीर केबल कार कॉर्पोरेशन (JKCCC) ने बताया कि मरम्मत, तकनीकी जांच और सुरक्षा जांच का काम अभी जारी है। गोंडोला रोपवे 25 मई से बंद है। तकनीकी खराबी आने से करीब 300 पर्यटक बीच हवा में फंस गए थे। करीब सात घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। कुछ केबिन जमीन से करीब 500 फीट की ऊंचाई पर थे। एक केबिन में 6 लोग बैठ सकते हैं। भारी बारिश के बीच SDRF, NDRF, सेना और पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन चलाया। घटना के बाद JKCCC ने पूरे केबल कार सिस्टम की जांच शुरू की। नागपुर पुलिस ने ट्रक से 150 किलोग्राम गांजा जब्त किया, कीमत ₹1.49 करोड़ नागपुर पुलिस ने ओडिशा से आ रहे एक ट्रक से 150 किलोग्राम से अधिक गांजा जब्त किया है। इसकी कीमत करीब ₹1.49 करोड़ है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान ओडिशा निवासी जोगेश धर्मोधर देविरी और महेंद्र इर्दा देवरी के रूप में हुई है। पुलिस की सोशल सिक्योरिटी ब्रांच ने मंगलवार सुबह नागपुर शहर के आउटर रिंग रोड पर एक ढाबे के पास ट्रक को रोका था। तलाशी के दौरान 21.26 टन स्टील कॉइल्स के पीछे गांजा छिपाकर रखा हुआ मिला। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस पिछले करीब दो महीने से इस नेटवर्क पर नजर रखे हुए थी। हैंड ग्रेनेड फटने से जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में दो जवानों की मौत जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के उरी सेक्टर में मंगलवार को एक ग्रेनेड विस्फोट में दो जवानों की मौत हो गई। यह हादसा सेना के एक कैंप में नियमित रूप से उपकरणों के हस्तांतरण के दौरान हुआ। श्रीनगर स्थित रक्षा जनसंपर्क अधिकारी (PRO) ने बताया कि घायल जवानों को तुरंत सेना के 92 बेस अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। संबंधित अधिकारियों से पूरी जानकारी मिलने के बाद ही इस घटना पर विस्तृत टिप्पणी की जाएगी। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। भारत ने स्टारलिंक की सैटेलाइट इंटरनेट की अंतिम मंजूरी रोकी इलॉन मस्क की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा स्टारलिंक को भारत में संचालन की अंतिम मंजूरी अभी नहीं मिली है। सरकार ने स्टारलिंक टर्मिनलों के इस्तेमाल और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं के चलते अंतिम स्वीकृति फिलहाल रोक रखी है। सरकारी अधिकारियों का मानना है कि भारत में सेवा शुरू होने से पहले यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि स्टारलिंक का नेटवर्क देश के सभी सुरक्षा और कानूनी मानकों का पूरी तरह पालन करे। इसी वजह से अंतिम मंजूरी पर फैसला अभी लंबित है। स्टारलिंक को पहले ही भारत में सैटकॉम सेवाएं शुरू करने के लिए कई नियामकीय मंजूरियां मिल चुकी हैं, लेकिन पूर्ण लॉन्च के लिए कुछ अंतिम स्वीकृतियां अभी बाकी हैं। दिल्ली होटल में आग: 8 सदस्य खोने वाले परिवार के मुखिया की भी मौत दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल फ्लोरिश स्टे में लगी भीषण आग ने गुरुग्राम के एक पूरे परिवार को खत्म कर दिया। परिवार के अंतिम जीवित सदस्य और मुखिया 80 वर्षीय राधेश्याम अग्रवाल का मंगलवार को मैक्स अस्पताल में निधन हो गया। राधेश्याम फेफड़ों की गंभीर बीमारी के चलते कई दिनों से आईसीयू में वेंटिलेटर पर थे। उनकी देखभाल के लिए ही उनके बेटे, बहू, पत्नी, पोतियां और तीन रिश्तेदार समेत 8 लोग फ्लोरिश स्टे होटल में ठहरे हुए थे। 3 जून को होटल में लगी आग में इन सबकी मौत हो गई थी। हैदराबाद में 7.5 किलो सोना चोरी, नेपाल के तीन नागरिक यूपी से गिरफ्तार हैदराबाद में एक कारोबारी के घर से 7.5 किलोग्राम सोने और करीब 1.5 किलोग्राम चांदी कि ज्वैलरी चोरी करने के मामले में पुलिस ने नेपाल के तीन नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, यह वारदात 6 जून को गाचीबौली इलाके में हुई। कारोबारी के घर में घरेलू सहायिका और रसोइये के तौर पर काम करने वाला नेपाली दंपति गहने लेकर फरार हो गया था। आरोपियों की तलाश में उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड में छह पुलिस टीमें भेजी गईं थीं। जांच के दौरान तीनों आरोपियों को उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से पकड़ लिया गया। महाराष्ट्र के वर्धा में दो मोटरसाइकिलों की टक्कर, तीन लोगों की जान गई महाराष्ट्र के वर्धा जिले में मंगलवार शाम दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, हादसा पुलगांव-अरवी रोड पर हुआ। जांच में सामने आया है कि एक बाइक रॉन्ग साइड से आ रही थी, जो सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। दोनों बाइक स्पीड में थीं। भिड़ंत इतनी तेज थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान 28 वर्षीय योगेश मेश्राम, 36 वर्षीय देवेंद्र दर्ने और 58 वर्षीय गंगाधर दर्ने के रूप में हुई है। तीनों भंडारा जिले के निवासी थे।
Click here to Read more

