Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    बेटी का जन्मदिन, फैक्ट्री का सपना और 20 साल नौकरी:रोहतक में 7 घंटे बाद कंकाल बनकर निकले शोरूम मालिक-दो वर्कर; आग लगते शटर गिरा

    4 hours ago

    1

    0

    रोहतक की डी-पार्क मार्केट में मंगलवार को लगी आग में शोरूम मालिक समेत तीन लोग जिंदा जल गए। आग लगने के करीब सात घंटे बाद तीनों के शव मलबे से बाहर निकाले गए। मंगलवार देर रात तक कुछ दुकानों में आग सुलगती रही और राहत-बचाव कार्य जारी रहा। मृतकों की पहचान सौरभ उर्फ रोहित (19), अमन यादव (38) और कपिल (50) के रूप में हुई है। सौरभ ‘होम टाउन शूज’ का संचालक था, जबकि अमन और कपिल ‘रोहतक शूज’ शोरूम में काम करते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही रोहतक शूज का मालिक बाहर निकल आया, लेकिन इसी दौरान शोरूम के शटर नीचे गिर गए। इससे अमन और कपिल अंदर ही फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। अमन ने तीन दिन पहले ही अपनी बेटी का जन्मदिन मनाया था। वहीं, कपिल पिछले 20 वर्षों से शोरूम में काम कर रहे थे। सौरभ अपने बड़े भाई के साथ कारोबार संभालता था और जल्द ही शू फैक्ट्री शुरू करने की तैयारी में जुटा था। इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। पहले तीनों मृतकों के बारे में जानिए… अमन यादव दो बच्चों का पिता था बाबरा मोहल्ला निवासी अमन यादव के परिवार में पत्नी, आठ साल का बेटा और तीन साल की बेटी है। तीन दिन पहले अमन के घर खुशियों का माहौल था। 6 जून को बेटी का जन्मदिन मनाया था। बाबरा मोहल्ले में उसकी अपनी जूतों की दुकान थी। करीब दो साल पहले उसने दुकान बंद कर दी और डी-पार्क स्थित रोहतक शूज शोरूम में नौकरी शुरू कर दी थी। कपिल 20 साल से दुकान पर काम कर रहे थे नेहरू कॉलोनी निवासी कपिल पिछले 20 साल से रोहतक शूज शोरूम में काम कर रहे थे। वह तीन बच्चों के पिता थे। उनके दो बेटे और एक बेटी हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। परिवार की जिम्मेदारियां निभाते-निभाते उसने जिंदगी का बड़ा हिस्सा नौकरी में गुजार दिया। सौरभ बड़े भाई के साथ दुकान संभालता था गुरुनानकपुरा कॉलोनी निवासी सौरभ उर्फ रोहित की उम्र महज 19 वर्ष थी। वह अपने बड़े भाई चेतन के साथ मिलकर ‘होम टाउन’ नाम से जूतों का शोरूम चलाता था। यह शोरूम उनके पिता सोमनाथ ने करीब चार साल पहले शुरू किया था। परिजनों के अनुसार, सौरभ और चेतन का सपना अपना शू मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने का था। चेतन ने इसके लिए संबंधित कोर्स भी किया था। परिवार दीपावली से पहले फैक्ट्री शुरू करने की योजना बना रहा था। अब जानिए डी-पार्क मार्केट में आग कैसे भड़की… AC का कंप्रेसर फटा, 10 दुकानें आग की चपेट में आईं प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे रोहतक शूज शोरूम में लगे AC का कंप्रेसर फट गया। धमाके के साथ ही शोरूम में आग भड़क उठी और देखते ही देखते लपटें पास स्थित होम टाउन शूज समेत आसपास की अन्य दुकानों तक फैल गईं। कुछ ही मिनटों में एक के बाद एक करीब 10 दुकानें आग की चपेट में आ गईं। इनमें अधिकांश दुकानें जूतों और कॉस्मेटिक की थीं। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानदारों को सामान निकालने तक का मौका नहीं मिल पाया और पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आरोप- सूचना के आधे घंटे बाद पहुंची पहली फायर ब्रिगेड व्यापारी नेता गुलशन डंग ने आरोप लगाया कि आग लगने के तुरंत बाद दुकानदारों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दे दी थी, लेकिन पहली फायर टेंडर करीब आधे घंटे बाद दो बजे के आसपास मौके पर पहुंची। शुरुआती समय में आग पर काबू नहीं पाया जा सका, जिसके कारण लपटें लगातार बढ़ती गईं और नुकसान का दायरा भी फैलता चला गया। पांच जिलों से बुलाई गईं 20 गाड़ियां, NDRF भी मौके पर पहुंची आग की भयावहता को देखते हुए झज्जर, जींद, गोहाना, चरखी दादरी और भिवानी से करीब 70 फायर टेंडर पहुंचे। पुलिस ने दंगा-नियंत्रण में इस्तेमाल होने वाले वज्र वाहन को भी पानी की बौछार के लिए लगाया। इस बीच बाजार में उन लोगों के परिजन और परिचित पहुंचने लगे, जिनका घटना के बाद से कोई पता नहीं चल रहा था। दुकानों के अंदर लोगों के फंसे होने की आशंका के चलते NDRF की टीम को भी बुलाया गया, लेकिन भीषण गर्मी, धुएं और आग की तीव्रता के कारण टीम तुरंत अंदर नहीं जा सकी। तीनों के शव ढूंढने में दो घंटे का समय लगा करीब शाम साढ़े 6 बजे आग कुछ कम हुई। इसके बाद NDRF और फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने सुरक्षा उपकरणों के साथ एक-एक कर दुकानों के भीतर प्रवेश किया और लापता लोगों की तलाश शुरू की। सबसे पहले सौरभ का शव बरामद हुआ। इसके बाद अमन और कपिल के शव भी मलबे के बीच से निकाले गए। तीनों के शव बुरी तरह झुलस चुके थे और लगभग कंकाल में तब्दील हो गए थे। शवों को बाहर निकालने में भी करीब दो घंटे का समय लगा। ----------------------------- ये खबर भी पढ़ें :- रोहतक- शोरूम मालिक समेत 3 के कंकाल मिले:NDRF दुकानों में मलबे को अभी भी खंगाल रही; दुकानदार बोले- देरी से आई फायर ब्रिगेड रोहतक में मंगलवार दोपहर डी-पार्क मार्केट की करीब 10 दुकानों में भीषण आग लग गई। साढ़े 6 घंटे बाद आग धीमी हुई तो NDRF की टीम ने दुकानों के अंदर सर्च अभियान चलाया। इस दौरान 3 शव बरामद हुए, जिन्हें एम्बुलेंस के जरिए PGI भेजा गया। पढ़ें पूरी खबर…
    Click here to Read more
    Prev Article
    कुंभ राशिफल 10 जून 2026: आज बढ़ेगा आपका मान-सम्मान, ऑफिस में मिल सकती है तरक्की
    Next Article
    Iran-US War Live: अपाचे के शिकार पर भड़के ट्रंप ने लगाई दक्षिणी ईरान में आग, केश्म में धमाके, तेहरान बोला- 'दूर रहो हमसे'

    Related भारत Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment