Chrome इस्तेमाल करते हैं? यह अपडेट मिस किया तो डेटा पड़ सकता है खतरे में
1 hour from now
Google Chrome Update: Google ने अपने फेमश ब्राउजर Chrome के लिए नया अपडेट जारी किया है जिसमें सुरक्षा को पहले से कहीं ज्यादा मजबूत बनाने पर जोर दिया गया है. Chrome 149.0.7827.53/54 संस्करण के साथ कंपनी ने कुल 429 सुरक्षा खामियों को दूर किया है. इनमें 22 ऐसी कमजोरियां शामिल थीं जिन्हें क्रिटिकल कैटेगरी में रखा गया था. खास बात यह है कि इनमें से अधिकांश खामियों की पहचान Google के अपने AI आधारित सुरक्षा टूल्स ने की जो लगातार ब्राउजर में छिपी कमजोरियों को खोजने का काम कर रहे हैं. AI की मदद से सामने आईं कई छिपी खामियां हाल के वर्षों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में तेजी से बढ़ा है. Google भी अपने सुरक्षा सिस्टम में AI का इस्तेमाल कर रहा है जिसके चलते Chrome के कोड में मौजूद कई ऐसी कमजोरियां सामने आईं जो पहले नजर नहीं आई थीं. कंपनी के अनुसार, नई सुरक्षा खामियों में कुछ को बाहरी सुरक्षा शोधकर्ताओं और बग बाउंटी प्रोग्राम में शामिल विशेषज्ञों ने खोजा, लेकिन बड़ी संख्या में कमजोरियों की पहचान Google की आंतरिक सुरक्षा टीम और AI टूल्स ने की. 429 कमजोरियों को किया गया ठीक नए अपडेट के जरिए Linux, Windows और Mac प्लेटफॉर्म पर Chrome की 429 सुरक्षा समस्याओं को ठीक कर दिया गया है. राहत की बात यह है कि अपडेट जारी होने से पहले इन कमजोरियों का साइबर अपराधियों द्वारा दुरुपयोग किए जाने का कोई प्रमाण नहीं मिला है. यानी फिलहाल इनमें से किसी भी खामी का इस्तेमाल जीरो-डे अटैक के रूप में नहीं किया गया था. सुरक्षा शोधकर्ताओं को मिला बड़ा इनाम Chrome की सुरक्षा को बेहतर बनाने में योगदान देने वाले शोधकर्ताओं को Google ने उदार पुरस्कार भी दिए हैं. कंपनी ने इस अपडेट से जुड़ी कमजोरियों की जानकारी देने वाले विशेषज्ञों को कुल 2.09 लाख डॉलर (लगभग 1.8 करोड़ रुपये) से अधिक की राशि प्रदान की. सबसे बड़ा पुरस्कार 97,000 डॉलर एक अज्ञात शोधकर्ता को दिया गया जिसने Chrome के ANGLE कंपोनेंट में मौजूद एक गंभीर सुरक्षा खामी की जानकारी दी थी. इसके अलावा Network कंपोनेंट में पाई गई एक अन्य क्रिटिकल कमजोरी की रिपोर्ट करने वाले शोधकर्ता को 43,000 डॉलर का इनाम मिला. किन हिस्सों में मिलीं गंभीर सुरक्षा खामियां? Google द्वारा ठीक की गई 22 क्रिटिकल कमजोरियां Chrome के कई महत्वपूर्ण मॉड्यूल से जुड़ी थीं. इनमें ANGLE, Network, Chromecast, FileSystem, Chromoting, Cast Streaming, GPU, Printing, Ozone और Passwords जैसे प्रमुख कंपोनेंट शामिल हैं. विशेष रूप से Passwords मॉड्यूल और Chrome for iOS से जुड़ी कुछ कमजोरियां सुरक्षा विशेषज्ञों का ध्यान आकर्षित कर रही है क्योंकि इन हिस्सों में गंभीर खामी मिलना अपेक्षाकृत दुर्लभ माना जाता है. GPU और ANGLE से संबंधित कई बग भी काफी संवेदनशील श्रेणी में रखे गए थे. Android और iPhone यूजर्स को क्या करना चाहिए? मोबाइल उपयोगकर्ताओं के लिए अपडेट प्रोसेस काफी आसान है. Android और iPhone यूजर्स को सिर्फ Google Chrome ऐप का नवीनतम संस्करण इंस्टॉल करना होगा. अपडेट उपलब्ध होते ही ऐप स्टोर या प्ले स्टोर के माध्यम से इसे डाउनलोड किया जा सकता है. डेस्कटॉप पर ऐसे करें Chrome अपडेट Google का कहना है कि नया अपडेट आने वाले दिनों और हफ्तों में सभी यूजर्स तक चरणबद्ध तरीके से पहुंचेगा. यदि आप इंतजार नहीं करना चाहते तो इसे मैन्युअली भी अपडेट कर सकते हैं. इसके लिए Chrome खोलें और ऊपर दाईं ओर दिखाई देने वाले तीन डॉट वाले मेन्यू पर क्लिक करें. इसके बाद Help में जाएं और About Google Chrome ऑप्शन चुनें. जैसे ही यह पेज खुलेगा, Chrome उपलब्ध अपडेट की जांच करेगा और डाउनलोड प्रोसेस अपने आप शुरू हो जाएगी. इंस्टॉलेशन पूरा होने के बाद ब्राउजर को रीस्टार्ट करना होगा. क्यों जरूरी है यह अपडेट? साइबर हमलों के बढ़ते खतरे को देखते हुए Chrome का यह अपडेट बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. 22 क्रिटिकल समेत 429 सुरक्षा कमजोरियों को दूर किए जाने से यूजर्स की ऑनलाइन सुरक्षा मजबूत होगी और संभावित साइबर खतरों से बचाव में मदद मिलेगी. यदि आप Chrome का इस्तेमाल करते हैं तो जल्द से जल्द इसे अपडेट करना एक समझदारी भरा कदम होगा. यह भी पढ़ें: Google Maps की यह छिपी सेटिंग हर सफर में बचाएगी पेट्रोल-डीजल, ज्यादातर लोग नहीं जानते
Click here to Read more
