फैन ने गिल के पैर छुए:BCCI स्टाफ ने दर्शकों को कोल्ड ड्रिंक्स बांटीं, न्यू चंडीगढ़ में IND vs AFG टेस्ट के पहले दिन के मोमेंट्स
1 week ago
न्यू चंडीगढ़ के यादविंदर सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और अफगानिस्तान के बीच खेला जा रहा पहला टेस्ट मैच पहले दिन ही लोकल बॉय शुभमन गिल के नाम रहा। शुभमन गिल ने अपना 11वां टेस्ट शतक लगाया। इसके बाद वह 103 रन बनाकर नाबाद हैं। उनके अलावा, ओपनर केएल राहुल ने भी 100 रनों की पारी खेली। साई सुदर्शन (81) और रिषभ पंत (50 नॉट आउट) ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। वहीं, ओपनर यशस्वी जयसवाल 24 रन बनाकर आउट हुए। भारत ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 3 विकेट पर 368 बना लिए हैं। पहले दिन के खेल के दौरान कई और मोमेंट्स बने, जिन्होंने ध्यान खींचा। न्यू चंडीगढ़ का स्टेडियम पंजाब का तीसरा और भारता का 31वां टेस्ट होस्ट स्टेडियम बना, एक फैन ने शुभमन गिल के पैर छुए, गर्मी से राहत के लिए BCCI स्टाफ दर्शकों को कोल्ड ड्रिंक्स बांटता दिखा। वहीं, मैदान में दर्शक कम होने के चलते इसे मैच और आयोजकों को सोशल मीडिया पर ट्रोल भी किया गया। आइए जानते हैं कि पहले दिन क्या-क्या खास देखने मिला… 1. सांसद ने घंटी बजाकर मैदान की मेजबानी BCCI को सौंपी पहले दिन पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) के सफर में एक और सुनहरा पन्ना जुड़ गया, जब PCA के ऑनरेरी सेक्रेटरी गुरमीत सिंह मीत हेयर ने भारत और अफगानिस्तान के बीच पहले टेस्ट मैच की शुरुआत के लिए पारंपरिक घंटी बजाई। उन्होंने घंटी बजाकर न्यू चंडीगढ़ स्टेडियम को आधिकारिक तौर पर BCCI के टेस्ट होस्ट के रूप में समर्पित किया। न्यू चंडीगढ़ पंजाब का तीसरा और भारत का 31वां टेस्ट होस्ट स्टेडियम बन गया है। इससे पहले आई.एस. बिंद्रा पी.सी.ए. स्टेडियम (मोहाली) और गांधी स्टेडियम (जालंधर) में टेस्ट क्रिकेट मैच हो चुके हैं। गांधी स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच (1983 में) केवल एक टेस्ट मैच खेला गया है। 2. फैन ने गिल के पैर छुए भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा टेस्ट मैच के दौरान दिल छू लेने वाली घटना हुई। केएल राहुल के साथ मैदान से लौटते समय एक युवा बॉल बॉय ने भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल के पैर छू लिए। गिल ने भी मुस्कुराते हुए इस सम्मान को स्वीकार किया। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है। शुभमन गिल को कम उम्र के खिलाड़ी अपने लिए प्रेरणा मानते हैं। 3. गिल के माता-पिता मैच देखने पहुंचे न्यू चंडीगढ़ में पहला टेस्ट मैच देखने शुभमन गिल की माता कीरत सिंह और पिता लखविंदर सिंह भी पहुंचे। उन्होंने PCA के ऑनरेरी सेक्रेटरी गुरमीत सिंह मीत हेयर से मुलाकात की। साथ ही अन्य अधिकारियों से भी मिले। शुभमन के पिता लखविंदर सिंह एक किसान हैं, जिन्होंने शुभमन को एक क्रिकेटर बनाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। वह शुभमन के शुरुआती कोच भी रहे हैं। 6 से 10 जून तक खेला जाएगा भारत-अफगानिस्तान टेस्ट भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 से 10 जून तक टेस्ट मैच खेला जाएगा। पीसीए ने मैच के टिकट 250 रुपए से शुरू रखे थे। खास बात यह है कि एक टिकट पर दर्शक पांचों दिन मैच का आनंद ले सकेंगे। दर्शक अपनी सुविधा के अनुसार पूरे दिन या किसी एक सत्र के दौरान भी स्टेडियम पहुंच सकते हैं। पीसीए ने अभिभावकों से अपील की है कि वे गर्मी की छुट्टियों के दौरान बच्चों को स्टेडियम लाकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव दिलाएं, ताकि वे अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते हुए देख सकें। शुभमन गिल कर रहे कप्तानी भारतीय टेस्ट टीम की कमान पंजाब के स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल के हाथों में है। वहीं पंजाब के ही युवा खिलाड़ी गुरनूर बराड़ भी टीम का हिस्सा हैं। पीसीए ने क्रिकेट प्रशंसकों से बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर भारतीय टीम और पंजाब के खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है। मुकाबले के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
Click here to Read more
