फुटबॉल वर्ल्डकप में कनाडा और बोस्निया मैच 1-1 से ड्रॉ:साइल लारिन ने 78वें मिनट में गोल करके हार टाली; अमेरिका और पराग्वे मैच जारी
1 day ago
को-होस्ट कनाडा ने फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान का आगाज ड्रॉ के साथ किया है। उसे 64वीं रैंक की टीम बोस्निया-हर्जेगोविना ने एक अंक साझा करने पर विवश कर दिया। इस मैच के बाद कनाडा ग्रुप बी में पहले स्थान पर आ गई है, जबकि बोस्निया दूसरे स्थान पर है। टोरंटो में शुक्रवार रात को 30वीं रैंक की टीम कनाडा 77 मिनट तक 0-1 से पिछड़ रही थी। 76वें मिनट पर मैदान पर आए साइल लारिन ने 2 मिनट के अंदर ही गोल करके कनाडा को होम ग्राउंड पर वर्ल्ड कप इतिहास का पहला अंक दिलाया। यह कनाडा के वर्ल्ड कप इतिहास का केवल दूसरा गोल था। टीम 1986 वर्ल्ड कप में तीनों मैच हार गई थी और 2022 में भी ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ सकी थी। अब कनाडा अपना अगला ग्रुप मुकाबला 18 जून को कतर के खिलाफ खेलेगा, जबकि बोस्निया-हर्जेगोविना उसी दिन स्विट्जरलैंड से भिड़ेगा। लुकिच ने पहला इंटरनेशनल गोल किया, बोस्निया को बढ़त मिली फर्स्ट हाफ में बोस्निया-हर्जेगोविना ने 21वें मिनट में जोवो लुकिच के हेडर गोल की बदौलत बढ़त हासिल की। कप्तान सियाद कोलासिनाच ने कॉर्नर किक पर अहम भूमिका निभाई। इंटरनेशनल फुटबॉल में यह लुकिच का पहला गोल था। कनाडा ने बराबरी के लिए लगातार दबाव बनाए रखा। 54वें मिनट में रिची लारिया का प्रयास क्रॉसबार से टकराकर बाहर चला गया। कनाडा इस मैच में अपने स्टार खिलाड़ी अल्फोंसो डेविस के बिना उतरा, जो हैमस्ट्रिंग चोट के कारण बाहर हैं। अमेरिका और पराग्वे मैच जारी ग्रुप-D में शामिल अमेरिका और पराग्वे के बीच कुल 8 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। हेड-टु-हेड रिकॉर्ड में अमेरिका का पलड़ा भारी है। अमेरिका ने 4 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि पराग्वे को 2 मैचों में सफलता मिली है। वहीं 2 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। FIFA वर्ल्ड कप के इतिहास में दोनों टीमें पूरे 96 साल बाद आमने-सामने हैं। इससे पहले दोनों की भिड़ंत साल 1930 के पहले वर्ल्ड कप में हुई थी, जहां अमेरिका ने पराग्वे को 3-0 से शिकस्त दी थी। अमेरिका की नजरें अपने स्टार विंगर क्रिस्टियन पुलिसिक और मिडफील्डर वेस्टन मैकेनी पर टिकी होंगी। दूसरी ओर, पराग्वे अपने धाकड़ मिडफील्डर मिगुएल अल्मिरोन के दम पर अमेरिकी डिफेंस को भेदने की कोशिश करेगी। वर्ल्ड रैंकिंग में अमेरिका 17वें स्थान पर है, जबकि पराग्वे 41वें पायदान पर है। दोनों टीमों की पॉसिबल स्टार्टिंग इलेवन: अमेरिका: फ्रीज, फ्रीमैन, मैकेंजी, रीम, रॉबिन्सन, मैकेनी, एडम्स, डेस्ट, टिलमैन, पुलिसिक, बालोगुन। पराग्वे: फर्नांडीज, कासेरेस, जी. गोमेज, अल्डरेटे, अलोंसो, कुबास, डी. गोमेज, अल्मिरोन, बोबाडिला, सोसा, सनाब्रिया।
Click here to Read more
.png)

.jpeg)