हिमाचल में अगले 48 घंटे हीटवेव का अलर्ट:4॰C तक बढ़ेगा तापमान; 10 जून को वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा, 11-12 को भारी ओलावृष्टि का अलर्ट
14 hours ago
हिमाचल प्रदेश में अगले 48 घंटे के दौरान गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा। मौसम विभाग (IMD) ने कल और परसों (9 व 10 जून) हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। यह चेतावनी ऊना, बिलासपुर और सोलन जिले को दी गई है। इसे देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। इससे मैदानी इलाकों में दिन के वक्त घरों से बाहर निकलना मुश्किल होगा। राज्य के 10 शहरों का पारा पहले ही 30 डिग्री सेल्सियस पार हो गया है। ऊना का अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक के साथ 40.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। बिलासपुर का 39.5 डिग्री, कांगड़ा का 37 डिग्री, सुंदरनगर का 36.6 डिग्री और मंडी का तापमान 36.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। अगले दो दिनों के दौरान तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस का उछाल आएगा। 11 और 12 जून को भारी ओलावृष्टि की चेतावनी मौसम विभाग की माने तो गर्मी ज्यादा दिन परेशान नहीं करेगी, क्योंकि 10 जून की रात वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। इसे देखते हुए 11 और 12 जून को किन्नौर व लाहौल स्पीति को छोड़कर अन्य सभी जिलों में तेज बारिश के साथ आंधी व तूफान और भारी ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। कुल्लू, मंडी, शिमला व सिरमौर जिला में ऑरेंज अलर्ट दिया गया है, जबकि अन्य जिलों में यलो अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान कुछेक क्षेत्रों में 50 किलोमीटर प्रति घंटना की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। 13-14 को भी जारी रहेगी हल्की बारिश 13 व 14 जून को वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर जरूर पड़ेगा, लेकिन कुछेक भागों में बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान है। ऐसे में कल और परसों तापमान में जरूर उछाल आएगा, लेकिन 11 जून से तापमान में कमी आनी शुरू होगी। इससे पहाड़ों पर मौसम सुहावना बना रहेगा। पर्यटकों ने सुहावने मौसम का उठाया आनंद वहीं आज भी प्रदेश के अधिकांश भागों में आज आसमान में हल्के बादल और धूप खिली रही। पहाड़ों पर इससे मौसम सुहावना बन रहा। देशभर से शिमला, मनाली, रोहतांग, कुफरी और नारकंडा इत्यादि पर्यटन स्थलों पर टूरिस्टों ने इससे सुहावने मौसम का आनंद उठाया।
Click here to Read more

