Walking Benefits: रोजाना 10 हजार कदम चलने का भ्रम खत्म, सिर्फ 4000 कदम चलकर भी पूरी तरह फिट रहेगा दिल
4 hours ago
Walking 4000 Steps A Day May Reduce Early Death Risk: स्वस्थ रहने के लिए रोजाना 10 हजार कदम चलने की सलाह अक्सर दी जाती है, लेकिन एक नए स्टडी ने इस धारणा पर सवाल खड़े किए हैं. रिसर्च के मुताबिक, उम्रदराज महिलाएं यदि प्रतिदिन 4,000 कदम चलती हैं, तो इससे समय से पहले मृत्यु और हार्ट रोगों का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है. खास बात यह है कि इसके लिए हर दिन लंबी वॉक करना भी जरूरी नहीं है. कितना चलना सही रहता है? स्टडी में सामने आया कि यदि महिलाएं सप्ताह में केवल एक या दो दिन भी 4,000 कदम चलने का लक्ष्य हासिल कर लेती हैं, तब भी उन्हें महत्वपूर्ण स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं. रिसर्चर का कहना है कि हेल्थ पर पॉजिटिव असर डालने में यह ज्यादा मायने रखता है कि कुल कितने कदम चले गए, न कि सप्ताह में कितने दिन गतिविधि की गई. यह निष्कर्ष लंबे समय से लोकप्रिय 10,000 कदम प्रतिदिन वाले मानक को चुनौती देता है. एक्सपर्ट का मानना है कि स्वास्थ्य लाभ पाने के लिए कोई एक निश्चित या सर्वश्रेष्ठ पैटर्न नहीं है. सबसे जरूरी बात शरीर को सक्रिय रखना है और लोग अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी तरीके से शारीरिक गतिविधि कर सकते हैं. महिलाओं के लिए क्या है खास? स्टडी में पाया गया कि अपेक्षाकृत कम सक्रिय महिलाओं की तुलना में वे महिलाएं, जिन्होंने सप्ताह में एक या दो दिन 4,000 कदम प्रतिदिन पूरे किए, उनमें किसी भी कारण से मृत्यु का जोखिम 26 प्रतिशत कम था. वहीं हार्ट रोग से जुड़ी मौत का खतरा 27 प्रतिशत तक घटा हुआ पाया गया. रिसर्च के अनुसार, यदि यही लक्ष्य सप्ताह में तीन दिन पूरा किया जाए तो फायदे और बढ़ सकते हैं. ऐसी महिलाओं में समय से पहले मृत्यु का जोखिम 40 प्रतिशत तक कम देखा गया. इसके अलावा हृदय रोग का खतरा भी 27 प्रतिशत तक कम पाया गया. इसे भी पढ़ें - Summer Fatigue: गर्मियों में बार-बार महसूस हो रही थकान, जान लें यह किस बीमारी का संकेत? हालांकि 5,000 से 7,000 कदम प्रतिदिन चलने वाली महिलाओं को भी अतिरिक्त लाभ मिला, लेकिन इसमें बढ़ोतरी अपेक्षाकृत सीमित रही. इस समूह में मृत्यु का जोखिम 32 प्रतिशत कम था, जबकि हार्ट रोग से मृत्यु के खतरे में लगभग 16 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई. रिसर्चर का कहना है कि एक स्तर के बाद लाभ की गति धीमी पड़ने लगती है. किन लोगों को रिसर्च में किया गया था शामिल? अमेरिका की हार्वर्ड यूनिवर्सिटी सहित कई संस्थानों के रिसर्चर की तरफ से किए गए इस स्टडी को ब्रिटिश जर्नल ऑफ स्पोर्ट्स मेडिसिन में प्रकाशित किया गया है. स्टडी में 13,547 महिलाओं को शामिल किया गया, जिनकी औसत आयु करीब 72 वर्ष थी. स्टडी की शुरुआत में इनमें से किसी को भी हार्ट रोग या कैंसर नहीं था. रिसर्च के दौरान प्रतिभागियों को सात दिनों तक स्टेप काउंट मापने वाले उपकरण पहनाए गए और करीब 11 वर्षों तक उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखी गई. इस अवधि में 1,765 महिलाओं की मृत्यु हुई, जबकि 781 महिलाओं में हार्ट रोग विकसित हुआ. स्टडी के अंत में रिसर्चर ने निष्कर्ष निकाला कि रोजाना अधिक कदम चलना बेहतर स्वास्थ्य परिणामों से जुड़ा है. उनके अनुसार, उम्रदराज महिलाओं के लिए सप्ताह में एक या दो दिन भी 4,000 कदम चलना समय से पहले मृत्यु और हृदय रोग के खतरे को कम करने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हो सकता है. इसे भी पढ़ें - Weight Loss Drug: मोटापा कम करने का नया कमाल, 52 नहीं अब सिर्फ 12 इंजेक्शन में चलेगा काम, जानें कैसे? Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.
Click here to Read more
.png)

