अगर आप रोज गाड़ी चलाते हैं तो ये खबर जरूर देखिए... पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे महंगा
3 weeks ago
Petrol Diesel Price Hike: पेट्रोल और डीजल की कीमतों ने एक बार फिर आम लोगों की टेंशन बढ़ा दी है. सिर्फ 5 दिनों में दूसरी बार तेल के दाम बढ़ गए हैं. इस बार पेट्रोल 87 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ है, जबकि डीजल के दाम में 91 पैसे प्रति लीटर का इजाफा हुआ है. मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का असर अब सीधे लोगों की जेब पर दिखने लगा है. खासतौर पर अमेरिका और ईरान के बीच जिस तरह के हालात बने हुए हैं, उससे इंटरनेशनल ऑयल मार्केट में दबाव बढ़ गया है. भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए ग्लोबल मार्केट में हलचल का असर यहां भी तेजी से देखने को मिलता है. दिल्ली में पेट्रोल की कीमत अब करीब ₹98.64 प्रति लीटर तक पहुंच गई है. अगर इसी तरह दाम बढ़ते रहे तो जल्द ही राजधानी में पेट्रोल ₹100 लीटर के पार जा सकता है. इस बीच सरकार लगातार लोगों से ईंधन बचाने की अपील कर रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लोगों से कहा है कि जहां तक संभव हो, निजी गाड़ियों का कम इस्तेमाल करें. कार पूलिंग करें, मेट्रो और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का ज्यादा इस्तेमाल करें ताकि तेल की खपत कम हो सके. दिल्ली समेत कई शहरों में 'मेट्रो मंडे' जैसे अभियान भी शुरू किए गए हैं, जिसमें लोगों को निजी कार छोड़कर मेट्रो से सफर करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है. हालांकि सरकार का कहना है कि भारत में फिलहाल तेल की सप्लाई को लेकर कोई संकट नहीं है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय हालात की वजह से कीमतों पर दबाव बना हुआ है. एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर मिडिल ईस्ट में तनाव और बढ़ता है तो आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल के दाम में और बढ़ोतरी हो सकती है. दूसरी तरफ, लोगों की चिंता ये है कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने का असर सिर्फ गाड़ियों तक सीमित नहीं रहता. ट्रांसपोर्ट महंगा होता है तो खाने-पीने की चीजों से लेकर रोजमर्रा के सामान तक सब कुछ महंगा होने लगता है.
Click here to Read more
.png)