न भारत ने अंदर लिया, न बांग्लादेश ने अपनाया... बॉर्डर पर घंटों फंसा रहा शख्स, फिर होने लगा पथराव
4 hours from now
India-Bangladesh Border: भारत-बांग्लादेश सीमा पर बुधवार को अचानक ऐसा माहौल बन गया, जिसने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी. मेघालय के दक्षिण पश्चिम गारो हिल्स जिले के महेंद्रगंज क्षेत्र स्थित नंदिर चार सीमा इलाके में एक व्यक्ति को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते दोनों देशों की सीमा पर तनाव में बदल गया. हालात ऐसे हो गए कि सीमा के दोनों ओर भारी भीड़ जमा हो गई और पथराव की घटनाएं भी सामने आईं. जानकारी के मुताबिक, एक व्यक्ति के भारत में कथित तौर पर अवैध रूप से प्रवेश करने के बाद उसे सुरक्षा एजेंसियों ने हिरासत में लिया था. इसके बाद सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने उसे बांग्लादेश की ओर वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू की. लेकिन मामला तब उलझ गया जब बांग्लादेश सीमा रक्षक बल (BGB) और सीमा पार मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने उस व्यक्ति को स्वीकार करने से इनकार कर दिया. बताया जा रहा है कि बांग्लादेश की ओर से इनकार मिलने के बाद वह व्यक्ति दोनों देशों की सीमा के बीच फेंसिंग के पास ही फंस गया. इस स्थिति ने पूरे इलाके में भ्रम और तनाव पैदा कर दिया. स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित व्यक्ति खुद को बांग्लादेशी नागरिक बता रहा था, लेकिन इसके बावजूद उसे लेने से इनकार कर दिया गया. घटना की खबर फैलते ही सीमा के दोनों ओर लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई. देखते ही देखते सैकड़ों लोग सीमा के पास पहुंच गए और माहौल गर्म हो गया. कुछ जगहों पर पथराव की घटनाएं भी सामने आईं, जिसके बाद सुरक्षा बलों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी.
Click here to Read more